Leisure, Entertainment, Miscellaneous
Trending

हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से देश में शोक की लहर

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं ने ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि दी

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सरकार के विभिन्न मंत्रियों और अन्य दलों के नेताओं ने अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक प्रकट किया और उन्हें सदाबहार एवं ऊर्जा से परिपूर्ण व्यक्तित्व बताया।

ऋषि कपूर का बृहस्पतिवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें अचानक तबीयत खराब होने पर बुधवार रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभिनेता 2018 से ल्यूकेमिया (रक्त कैंसर) से जंग लड़ रहे थे।

एक दिन पहले ही अभिनेता इरफान खान का भी मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। दोनों ने 2013 में फिल्म ‘डी-डे’ में साथ में काम किया था।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है।’’ उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा से भरे रहने के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वह नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’

उप राष्ट्रपति नायडू ने अपने शोक संदेश में कहा, “हिंदी सिनेमा के प्रख्यात कलाकार और वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर के असामयिक निधन के दुखद समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा से भारतीय दर्शकों को दशकों तक मंत्रमुग्ध रखा और उन चरित्रों को हमारी स्मृति में अमर कर दिया।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ बहुआयामी, प्रिय और जीवंत…ये ऋषि कपूर जी थे। वह प्रतिभा का पावरहाउस थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं हमेशा सोशल मीडिया पर भी हुई अपनी बातचीत को याद करूंगा।’’ ऋषि कपूर के निधन पर शोक प्रकट करते हुए मोदी ने कहा कि वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में उत्साहित रहते थे। उनके निधन से दुखी हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’ गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। वह अपने आप में एक संस्था थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ ऋषि कपूर जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें उनके असाधारण अभिनय कौशल के लिए हमेशा याद किया जाएगा।’’ शाह ने लिखा, ‘‘उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा के लिए यह एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ एक अद्भुत अभिनेता जिनके हर पीढ़ी में अपार प्रशंसक रहे हैं, उन्हें बहुत याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जाने माने फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं। उन्होंने अपने अनोखे अंदाज और अदाकारी से अपने प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई।

उन्होंने कहा, ‘‘ दुख की इस घड़ी में मेरी प्रार्थना, उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।ओम शांति।’’ भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ऋषि कपूर के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा को एक और बड़ा नुकसान ।

उन्होंने कहा, ‘‘दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं जो प्रतिभा और कला से भरे हुए व्यक्ति थे। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदना । ओम शांति ।’’

कपूर और इरफान के निधन का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि दो लोकप्रिय अदाकारों के निधन से वह दुखी हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कपूर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह एक ऐसी शानदार विरासत के ध्वजवाहक थे जिसका फिल्म जगत में योगदान बेजोड़ है।ठाकरे ने कहा, ‘‘उनके निधन से हमने कलाकारों की दो पीढ़ियों को जोड़ने वाली कड़ी को खो दिया है।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ ऋषि कपूर के इस तरह अचानक चले जाने से दुखी हूं। उन्होंने अपने पूरे करियर में भारत की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी लोकप्रिय अभिनेता के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कपूर के निधन से भारतीय सिनेमा को अपूरणीय क्षति हुई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के कैंपियन स्कूल में मेरे वरिष्ठ रहे ऋषि कपूर के निधन से दुखी हूं। उनके साथ 1967-68 में मैं इंटर-कलास ड्रामाटिक्स स्पर्धा में शामिल हुआ था।’’

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कपूर के निधन पर शोक प्रकट किया।

Tags
Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close