JANMATNationPolitcal Room
Trending

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज जी के निधन से देश भर में शोक की लहर।

अंतिम विदाई के वक़्त सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल और उनकी बेटी बांसुरी स्वराज काफ़ी भावुक हो गए और उन्होंने सुषमा को सलाम भी किया। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया था। इससे पहले बीजेपी कार्यालय में पार्थिव शरीर को रखा गया था जहाँ से लोधी रोड स्थित शवागृह में ले जाया गया।

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। लोदी रोड स्थित विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

लोकसभा में विपक्ष की नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं सुषमा को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गयी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत सैंकड़ों जानी मानी हस्तियां पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बुधवार को यहां लोदी रोड स्थित श्मशान घाट पहुंचीं । 

भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोब्गे और राजग के कई वरिष्ठ नेताओं समेत विपक्षी सदस्य भी उनके अंतिम संस्कार के समय मौजूद थे।

इससे पूर्व भाजपा की वरिष्ठ नेता के पार्थिव शरीर को भाजपा कार्यालय से यहां श्मशान घाट लाया गया ।उनका मंगलवार की रात में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। 

एक शीशे के बक्से में उनके पार्थिव शरीर को रखा गया था और हजारों लोग उनकी अंतिम झलक पाने के लिए उमड़ पड़े । उनके पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर रवाना करने से पूर्व राष्ट्रीय झंडे में लपेट कर रखा गया था।

उनके पार्थिव शरीर को ले जा रहा वाहन जैसे ही सड़क पर आगे बढ़ा लोग उनके अंतिम क्षणों को कैमरे में कैद करने लगे।

जिसपर तमाम राजनेताओं ने शोक जताया। किसी ने उन्हें करिश्माई नेता, तो किसी ने मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण शख्सियत बताया।

समाजवादी जनता पार्टी चंद्रशेखर के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री कमल मोरारका जी ने ट्वीट करते हुए लिखा “श्रीमती #सुषमास्वराज जी के असामयिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदना।।” 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे देश तथा भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ उनके निधन की खबर सुन दुखी हूं। यह भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। हमने एक महान नेता और एक बेहतरीन वक्ता खो दिया, जो मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण थीं। ’’ 

रावत ने कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और दुख की इस घड़ी का सामना करने के लिए उनके परिवार को शक्ति।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर सुन स्तब्ध हैं। उन्होंने स्वराज को एक ‘‘करिश्माई एवं संवेदनशील’’ नेता भी बताया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने ट्वीट किया, ‘‘सुषमा स्वराज जी के निधन की खबर सुन स्तब्ध हूं। मैं हमेशा उन्हें एक करिश्माई और संवेदनशील नेता के तौर पर याद करूंगा, जिनमें आम जनता की भावनाओं को समझने की क्षमता थी। उन्हें याद करेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट किया, ‘‘स्वराज के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। यह मेरे लिए निजी क्षति है। उनके योगदान को हरियाणा और भारत कभी नहीं भूलेगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के सदस्यों के साथ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने भी स्वराज को याद करते हुए दक्षिणी राज्य में उनके योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि स्वराज के 1999 से कर्नाटक के साथ करीबी संबंध थे, जब उन्होंने तत्कालीन सप्रंग अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ बेल्लारी से लोकसभा चुनाव लड़ा था।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘ वह एक दशक से वराह लक्ष्मी पूजा में शामिल होने हर साल बेल्लारी आती थीं। लोग हमेशा उन्हें इसके लिए याद रखेंगे।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी का सामना करने की शक्ति।’’ 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘ भारत ने एक महान नेता खो दिया। सुषमा जी काफी जोशपूर्ण और विलक्षण इंसान थी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ 

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्य पाल मलिक ने स्वराज को याद करते हुए उन्हें एक करिश्माई राजनेता और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया, जिन्होंने हमेशा देशहित में काम किया। उन्होंने कहा कि उनकी जगह भर पाना मुश्किल होगा।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित तमाम नेताओं ने बुधवार को दिवंगत पूर्व विदेशमंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धाजंलि अर्पित की। 

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह ने दिवंगत स्वराज के निवास जाकर श्रद्धांजलि दी। 

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पार्टी की वरिष्ठ नेता को श्रद्धांजलि दी। 

स्वराज को श्रद्धांजलि देने वाले अन्य नेताओं में तृणमूल कांग्रेस डेरेक ओ ब्रायन, योग गुरु रामदेव, भाजपा नेता हेमा मालिनी, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी शामिल हैं। 

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close